Report by : CWN Desk
Published at :
एसटीएफ उत्तराखंड की दोहरी बड़ी कार्यवाही, ड्रग तस्करी और साइबर अपराध पर कसा शिकंजा

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, स्पेशल टास्क फोर्स, उत्तराखंड, श्री नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में एसटीएफ उत्तराखंड ने एक साथ दो बड़े अभियान—“इग्स-फ्री देवभूमि” और “ऑपरेशन प्रहार” को सफलतापूर्वक अंजाम देकर राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है।

इग्स-फ्री देवभूमि अभियान के तहत भारी मात्रा में गांजा बरामद
एसटीएफ की कुमायूँ टीम ने एक अन्तर्राज्यीय ड्रग तस्कर राजू अली को थाना पुलभट्टा, जनपद ऊधमसिंह नगर के यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर से 4 कुंतल 34 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी झारखंड से मादक पदार्थ ला रहा था, जिसे रुद्रपुर, गदरपुर और बाजपुर जैसे क्षेत्रों में खपाने की योजना थी। गिरफ्तारी में पुलभट्टा पुलिस की भी अहम भूमिका रही। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह झारखंड निवासी सुरेश गुप्ता के निर्देश पर गांजा लेकर आया था। इस कार्यवाही में मुख्य आरक्षी गोविंद सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

ऑपरेशन प्रहार – साइबर अपराधियों पर सबसे बड़ा अभियान शुरू
उत्तराखंड एसटीएफ द्वारा शुरू किया गया “ऑपरेशन प्रहार” साइबर अपराधियों के विरुद्ध एक ऐतिहासिक कदम है। इस विशेष अभियान में देशभर के 337 शातिर साइबर अपराधियों को चिन्हित किया गया है, जिनमें दिल्ली, महाराष्ट्र, यूपी, राजस्थान सहित 28 राज्यों के अपराधी शामिल हैं। प्रथम चरण में 17 राज्यों के 272 तथा द्वितीय चरण में 12 राज्यों के 65 अपराधियों का सत्यापन कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में 30 साइबर विशेषज्ञों की टीमें बहुत जल्द देशभर में रवाना होंगी।

फर्जी हेली बुकिंग साइटों पर कार्रवाई
चारधाम यात्रा के नाम पर फर्जी वेबसाइटों द्वारा ठगी करने वाले गिरोहों पर भी एसटीएफ की नजर है। अब तक कुल 76 फर्जी वेबसाइटों को ब्लॉक कराया गया है। वर्ष 2024 में 12 और वर्ष 2023 में 64 साइटों पर कार्रवाई की गई। जनता से अपील की गई है कि हेलीकॉप्टर बुकिंग केवल www.heliyatra.irctc.co.in से ही करें और किसी फर्जी लिंक या मोबाइल नंबर पर भरोसा न करें।

जनहित में अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशे और साइबर धोखाधड़ी से दूर रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत एसटीएफ या साइबर क्राइम पुलिस को दें।
टोल फ्री नंबर: 1933
एसटीएफ संपर्क: 0135-2656202, 9412029536
हेली फर्जी वेबसाइट की शिकायत हेतु: 9456591505, 9412080875

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›