Report by : CWN Desk
Published at :
एसटीएफ की बड़ी कार्यवाही, चार साल से फरार 25 हजार के इनामी गिरफ्तार

रुद्रपुर। उत्तराखण्ड एसटीएफ ने वर्ष 2020 से फरार 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी गुरदीप सिंह को हिमाचल प्रदेश के ऊना से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त ने वर्ष 2020 में रुद्रपुर में लाखों की ठगी व धोखाधड़ी की थी और फरार होकर फर्जी नाम व पहचान पत्र के सहारे हिमाचल प्रदेश में रह रहा था। उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय द्वारा इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे एक माह के अभियान के तहत यह गिरफ्तारी की गई है।

गिरफ्तारी अभियान का विवरण

उत्तराखण्ड पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ के निर्देशानुसार एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत सिंह भुल्लर को इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक श्री आर. बी. चमोला के पर्यवेक्षण में एसटीएफ की एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों का विश्लेषण कर थाना रुद्रपुर के इनामी अपराधी गुरदीप सिंह को हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से गिरफ्तार किया।

घटना का विवरण

गुरदीप सिंह ने अपने साथी के साथ मिलकर मेरठ निवासी सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल रक्षित कुमार को प्लॉट व मकान दिलाने के नाम पर ₹27,37,000 की ठगी की थी। इस संबंध में 22 नवंबर 2020 को कोतवाली रुद्रपुर में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया था। अपराध के बाद अभियुक्त अपने परिवार सहित फरार हो गया और पिछले चार वर्षों तक छिपा रहा।

गिरफ्तारी की प्रक्रिया

एसटीएफ ने अपराधी से संबंधित फिंगरप्रिंट, वॉइस सैंपल व अन्य दस्तावेजों का गहन विश्लेषण किया। हिमाचल प्रदेश में एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई, जिसके पास बॉबी ठाकुर नाम का फर्जी आधार कार्ड था। अपराधी के चेहरे का डिजिटल मिलान किया गया, जिससे उसकी पहचान पुख्ता हुई। इसके बाद 02 मार्च 2025 को ऊना, हिमाचल प्रदेश से उसे गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

• नाम: गुरदीप सिंह उर्फ गुरप्रीत सिंह

• पिता का नाम: सुरेंद्र सिंह

• निवासी: सिंह हाईटेक इंजीनियर, रुद्रपुर, जिला ऊधम सिंह नगर

गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली टीम

उत्तराखण्ड एसटीएफ टीम:

• निरीक्षक एम. पी. सिंह

• उपनिरीक्षक बृजभूषण गुररानी

• अ.उ.नि. प्रकाश भगत (सर्विलांस)

• हे.का. जगपाल सिंह

• हे.का. सुरेंद्र सिंह कनवाल

कोतवाली रुद्रपुर पुलिस टीम:

• उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह मेहता

• आरक्षी अजय रावत

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›