Report by : CWN Desk
Published at :
नानकमत्ता हत्याकांड का फरार इनामी अपराधी गिरफ्तार, हरिद्वार के श्यामपुर से STF ने पकड़ा

देहरादून। नानकमत्ता के बाबा तरसेम सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी बाबा अनूप सिंह को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने आरोपी को मंगलवार को हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र से दबोचा।

STF के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 28 मार्च 2024 को नानकमत्ता (जिला ऊधमसिंह नगर) में डेरा कार सेवा प्रमुख जत्थेदार बाबा तरसेम सिंह की कुछ हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस वारदात के संबंध में थाना नानकमत्ता में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में शामिल दो अपराधियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक अनूप सिंह लंबे समय से फरार चल रहा था।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए ऊधमसिंह नगर पुलिस ने 25 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की थी। STF ने मैनुअल पुलिसिंग और सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर कई राज्यों में लगातार छापेमारी की। आखिरकार हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र में दबिश देकर अनूप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी अनूप सिंह, सरदार राम सिंह का पुत्र है और मूल रूप से बिलासपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवाबगंज का निवासी है। वर्तमान में वह गदरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव में रह रहा था।

पुलिस अब आरोपी से हत्या में शामिल अन्य लोगों और साजिश से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाने में लगी है। हत्याकांड में फरार अन्य सहयोगियों की तलाश अभी जारी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›