Report by : CWN Desk
Published at :
रामनगर में नहर से मिला रिटायर्ड दरोगा का शव, इलाके में मचा हड़कंप

मुनस्यारी। पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी क्षेत्र में जंगली मशरूम खाने से एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत हो गई। तहसील मुख्यालय से करीब 17 किलोमीटर दूर धापा गांव की 70 वर्षीय कुंती देवी और उनकी 28 वर्षीय नातिन दीया ने 11 जुलाई को जंगली मशरूम खाया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।

परिजनों ने दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल पिथौरागढ़ रेफर किया गया। हालत में सुधार न होने पर रविवार शाम परिजन उन्हें हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) ले जा रहे थे। रास्ते में खटीमा के पास दीया की हालत बेहद खराब हो गई और उसने एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया।

कुंती देवी को गंभीर स्थिति में एसटीएच में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया। लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद सोमवार को उनका भी निधन हो गया। इस हादसे से गांव और परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।

बताया जा रहा है कि दोनों ने जंगली मशरूम को खाद्य समझकर सेवन किया था, लेकिन वह जहरीला निकला। बीते दो दिनों में राज्य में जंगली मशरूम खाने से यह तीसरी मौत है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अज्ञात या जंगली खाद्य सामग्री विशेषकर मशरूम का सेवन करने से पहले पूरी तरह सुनिश्चित हो जाएं। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›