Report by : Paras Bisht
Published at :
रामनगर में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक में घुसे दो नकाबपोश बदमाश, कैश नहीं छेड़ा

खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे हथियारबंद बदमाश, सीसीटीवी बंद करने के बाद प्रपत्रों से भरी आलमारी भी तोड़ी
रामनगर। मालधन में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की शाखा में दो नकाबपोशों ने सेंधमारी की। खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे हथियारबंद बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे बंद करने के बाद प्रपत्रों से भरी आलमारी को भी तोड़ दिया। हालांकि कैश से किसी प्रकार की छेड़छाड़ की बात सामने नहीं आई है। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शाखा प्रबंधक अंकिता खंडूरी ने बताया कि शनिवार शाम बैंक बंद होने के बाद सभी कर्मी अपने-अपने घर चले गए थे। रविवार की छुट्टी थी। सोमवार सुबह जब वह बैंक पहुंचीं तो खिड़की का ग्रिल टूटी देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो प्रपत्रों से भरा आलमारी को तोड़ा गया था। आलमारी में लोन से संबंधित प्रपत्र थे। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी मालधन पुलिस को दी गई है। वहीं मालधन चौकी इंचार्ज भूपेंद्र सिंह ने टीम के साथ घटनास्थल की जांच की। उन्होंने बताया कि घटना शनिवार की रात की है। सीसीटीवी कैमरे में दो लोग बैंक में घुसते नजर आ रहे हैं। बैंक में कोई प्रपत्र या रुपये ले जाने की बात अभी सामने नहीं आई है। मामले की जांच की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›