उत्तराखण्ड
उत्तराखंड पंचायत चुनाव: दूसरे चरण में 70% मतदान, ऊधमसिंह नगर सबसे आगे
देहरादून। उत्तराखंड में भारी मानसून के बीच त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस चरण में 10 जिलों के 40 विकासखंडों में कुल 5033 पदों के लिए हुए मतदान में 70 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यह प्रतिशत पहले चरण के मुकाबले दो प्रतिशत अधिक रहा।
चुनाव आयोग के अनुसार, प्रदेश के हरिद्वार को छोड़ अन्य 12 जिलों में से 10 जिलों में मतदान हुआ। इन पदों के लिए कुल 14751 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें 149 जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए 716, 1225 क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के लिए 4214, 2726 ग्राम प्रधान पदों के लिए 7833 और 933 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए 1988 प्रत्याशी मैदान में हैं।
मतदान के दौरान मौसम ने भी साथ दिया। कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहा, जिससे मतदाता बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचे। छिटपुट घटनाओं को छोड़ मतदान शांतिपूर्ण रहा।
सबसे अधिक मतदान ऊधमसिंह नगर में 84.26 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि अल्मोड़ा सबसे कम 59.24 प्रतिशत पर रहा। देहरादून में 77.25 प्रतिशत और नैनीताल में 76.08 प्रतिशत मतदान हुआ।
अब 31 जुलाई को मतगणना होगी, जिसमें 32,580 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला सामने आएगा। इस चरण के शांतिपूर्ण और सघन मतदान से स्पष्ट है कि जनता ने लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी दिखाई और अपने जनप्रतिनिधियों के चयन के लिए उत्साहपूर्वक मतदान किया।
