Report by : CWN Desk
Published at :
काशीपुर में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

कपकोट/पिथौरागढ़। उत्तराखंड में जंगली मशरूम खाने के दो अलग-अलग मामलों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। पहला मामला बागेश्वर जिले के कपकोट ब्लॉक के कुंवारी गांव का है, जहां रविवार सुबह धनुली देवी (पत्नी स्व. धरम राम) और उनकी बहू कविता ने नाश्ते में जंगली मशरूम खा लिया। कुछ देर बाद दोनों को उल्टियां शुरू हो गईं। हालत बिगड़ने पर सास धनुली देवी की मौके पर ही मौत हो गई।

पूर्व ग्राम प्रधान केसर सिंह के अनुसार, बारिश के कारण क्षेत्र की सड़कों की हालत बेहद खराब है। मुख्य सड़क से गांव तक पहुंचने में करीब 12 किलोमीटर की कठिन पैदल दूरी तय करनी पड़ती है। सड़क बंद होने के कारण बहू कविता को अस्पताल नहीं ले जाया जा सका और उसका गांव में ही इलाज किया जा रहा है।

दूसरा मामला पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी क्षेत्र के धापा गांव का है, जहां शुक्रवार रात नानी और पोती ने जंगली मशरूम खाया था। कुछ समय बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने तत्काल उन्हें स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उन्हें हल्द्वानी रेफर किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे पहचान की पुष्टि किए बिना जंगली मशरूम का सेवन न करें, क्योंकि यह जानलेवा हो सकता है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›