अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
अल्मोड़ा अस्पताल में फिजिशियन की तैनाती का दावा हवा-हवाई, AAP नेता भुवन जोशी ने साधा निशाना
अल्मोड़ा जिला अस्पताल में फिजिशियन की कमी पर AAP नेता भुवन जोशी ने भाजपा नेताओं को घेरा। उन्होंने एक सप्ताह में डॉक्टर लाने के दावे को झूठा बताया।
अल्मोड़ा। जिला चिकित्सालय में फिजिशियन की कमी को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता भुवन जोशी ने सत्ताधारी भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ करने और झूठी बयानबाजी करने का गंभीर आरोप लगाया है। भुवन जोशी ने कहा कि अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों के न होने से आम मरीज लगातार परेशान हो रहे हैं।
आप नेता ने याद दिलाया कि अगस्त माह में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष ने एक सप्ताह के भीतर फिजिशियन की तैनाती का दावा किया था। हालांकि, हफ्तों बीत जाने के बाद भी अस्पताल में किसी फिजिशियन की वापसी नहीं हो सकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब दावा किया गया था, तो अब वह डॉक्टर कहां हैं और उनकी तैनाती कब होगी।
भुवन जोशी ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं में एक-दूसरे से खुद को बड़ा और प्रभावशाली साबित करने की होड़ मची हुई है। इस आपसी राजनीतिक खींचतान के चक्कर में जिला अस्पताल जैसे अति-संवेदनशील और गंभीर मुद्दे पर भी विरोधाभासी बयान दिए जा रहे हैं। इससे अस्पताल आने वाले आम मरीजों में भ्रम और परेशानी की स्थिति पैदा हो रही है।
उन्होंने भाजपा नेतृत्व से अपील की कि जिला अस्पताल को राजनीतिक अखाड़ा बनाने के बजाय मरीजों की सेहत की चिंता की जाए। जनता को नेताओं के खोखले दावों और आश्वासनों के बजाय समय पर बेहतर इलाज और डॉक्टर चाहिए। भुवन जोशी ने सरकार पर दबाव बनाकर जल्द से जल्द फिजिशियन की स्थायी तैनाती करने की मांग की है।
