Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल में पेट्रोल पंप का ताला तोड़कर कैश चोरी, घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद

तल्लीताल में इकलौते पेट्रोल पंप से आज तड़के की घटना, पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
(कमल जगाती)
नैनीताल।
नैनीताल में तड़के सवेरे पेट्रोल पंप का ताला तोड़कर ऑफिस में रखा लगभग 75 हजार रुपये का कैश चोरी हो गया। घटना सी.सी.टी.वी.कैमरे में कैद हो गई।
नैनीताल के तल्लीताल में इकलौते पेट्रोल पंप से आज तड़के सवेरे बड़ी मात्रा में कैश चोरी हो गया।
सवेरे सात बजे पम्प कर्मचारी जयंत बिष्ट जब पैट्रोल पम्प को खोलने के लिए पहुंचा तो उसे कार्यालय के ताले टूटे हुए दिखे। जयंत ने लीज पर पम्प चला रहे लीजी को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद पुलिस ने मौके का मुआयना किया और सी.सी.टी.वी.फुटेज समेत टूटे ताले लेकर चली गई।
जानकारी के अनुसार तल्लीताल पैट्रोल पम्प में तड़के सवेरे एक युवक प्रवेश करता सी.सी.टी.वी.में कैद हो गया। युवक पहले पम्प के आगे से गया और फिर सरोवर टी.आर.एच.के रास्ते पम्प की छत से नीचे उतरा। इसके बाद युवक कैमरे की नजर से बचता बचता कार्यालय के शटर तक पहुंचा। युवक अपने हाथ में कुल्हाड़ी लेकर आया था और उसने पांच छह बार कुल्हाड़ी का वार कर ऑफिस के ताले तोड़े। युवक अंदर घुसा और अंदर एक रैक को खोला जिसमें उसे कुछ नहीं मिला। अचानक युवक की नजर सी.सी.टी.वी.कैमरे पर पड़ी तो उसने कुर्सी पर चढ़कर कैमरे का मुंह दीवार की तरफ कर दिया। इसके बाद सवेरे लगभग 75 हजार रुपये चोरी हो गए। फ़ोटो में युवक की तस्वीरें साफ नजर आ रही है । वीडियो के आधार पर आरोपी युवक तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। जयंत ने घटना की जानकारी दी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›