Report by : CWN Desk
Published at :
शासकीय एवं सहायताप्राप्त अशासकीय महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत

समर्थ पोर्टल पर आनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 नवंबर हुई
देहरादून। प्रदेश सरकार ने राज्य विश्वविद्यालयों एवं उनसे संबद्ध शासकीय एवं सहायताप्राप्त अशासकीय महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत दी है। स्नातकोत्तर एवं व्यावसायिक कक्षाओं में प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल पर आनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 नवंबर की गई है। वहीं, स्नातक स्तरीय पाठ्यक्रम में प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा आवेदन पत्रों को भरने की अंतिम तिथि 15 नवंबर तक बढ़ाई गई है।
उच्च शिक्षा उप सचिव ब्योमकेश दूबे ने बीते गुरुवार को इस संबंध में सभी राज्य विश्वविद्यालयों के कुल सचिवों को अलग-अलग आदेश जारी किए। सरकार उच्च शिक्षा में सत्र को नियमित करने के लिए कदम उठा रही है। इसके अंतर्गत चालू शैक्षिक सत्र में पहले चरण में प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्था को समर्थ पोर्टल के माध्यम से आनलाइन किया गया है।
स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश की आनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्नातकोत्तर स्तर पर इसे प्रारंभ किया गया है। शासन ने समर्थ पोर्टल पर स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश के लिए आनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर नियत की थी। शासन को जानकारी मिली है कि अभी कई महाविद्यालयों में छात्र-छात्राएं स्नातकोत्तर एवं व्यावसायिक कक्षाओं में प्रवेश से वंचित रह गए हैं। इसे ध्यान में विभाग ने
प्रवेश पंजीकरण एवं सत्यापन की अंतिम तिथि बढ़ाने का अनुरोध शासन से किया है। शासन ने आदेश जारी कर विद्यार्थियों के लिए पोर्टल पर आनलाइन पंजीकरण की तिथि 15 नवंबर तक बढ़ा दी है। साथ ही विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय की ओर से प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत मेरिट, काउंसिलिंग, शुल्क भुगतान और प्रवेश को समर्थ पोर्टल पर आनलाइन सत्यापित करने की अंतिम तिथि भी 20 नवंबर तक बढ़ाई गई है।
इसी प्रकार शैक्षिक सत्र 2023-24 की स्नातक स्तरीय पाठ्यक्रम की प्रथम सेमेस्टर परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि को सात नवंबर से बढ़ाकर 15 नवंबर किया गया है। शासनादेश में यह स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा आवेदन जमा करने की तिथि बढ़ाई गई है, लेकिन शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार परीक्षा अवधि में कोई भी परिवर्तन नहीं किया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›