Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल में हेलमेट भूले दरोगा की फोटो वायरल, पुलिस पर उठे सवाल

नैनीताल। नैनीताल में यातायात व्यवस्था सुधारने निकले एक दरोगा खुद ही यातायात नियमों का उल्लंघन करते नजर आए। दरोगा स्कूटी पर बिना हेलमेट घूमते दिखे, जिसकी फोटो और वीडियो कुछ लोगों ने बना ली और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इसके बाद लोग पुलिस पर ही सवाल उठाने लगे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस पहले खुद नियमों का पालन करे, फिर आम जनता पर चालान की कार्रवाई करे।

दरोगा की लापरवाही बनी चर्चा का विषय

मंगलवार को तल्लीताल क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निकले दरोगा ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। उनकी यह लापरवाही कैमरे में कैद हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल फोटो और वीडियो को लेकर लोग पुलिस की आलोचना कर रहे हैं।

एसपी ने लिया मामले का संज्ञान, होगी कार्रवाई

एसपी अपराध व यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि यातायात नियमों और पुलिस आचरण नियमावली का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और पुलिस कर्मियों को भी इसका पालन करना चाहिए।

तेज रफ्तार बाइक चलाने पर युवक का चालान

दूसरी ओर, मंगलवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत मॉलरोड का निरीक्षण कर रहे थे, तभी एक युवक तेज गति से अपर मॉलरोड पर बाइक चलाता हुआ आया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह भागने लगा। टीएसआई हरीश फ़र्त्याल और एएसआई शंकर लाल ने कुछ दूरी पर युवक को पकड़ लिया। एएसआई शंकर लाल ने बताया कि मल्लीताल निवासी इरशाद के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है।

अब पुलिस के इस दोहरे रवैये को लेकर लोगों में नाराजगी है। लोग मांग कर रहे हैं कि पुलिसकर्मियों पर भी नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई हो।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›