Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल में पिता-पुत्री की आत्महत्या से सनसनी, ज़हर खाने से हुई दर्दनाक मौत

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जनपद से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शनिवार को नैनीताल के समीपवर्ती बजून गांव में 45 वर्षीय गोपाल दत्त जोशी और उनकी 21 वर्षीय पुत्री भाग्यश्री जोशी ने कथित रूप से ज़हर खाकर आत्महत्या कर ली। इस दुखद घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। बताया जा रहा है कि जब ग्रामीणों को इस घटना की जानकारी मिली, तब तक दोनों की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। आनन-फानन में ग्रामीणों ने उन्हें बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पट्टी पटवारी सईबुद्दीन मौके पर पहुंचे और कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। पटवारी सईबुद्दीन ने बताया कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही संभव होगा।

फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे की वजहों की जांच में जुटी हुई है। गांव में इस त्रासदी को लेकर गहरी उदासी और स्तब्धता है। ग्रामीणों ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›