Report by : CWN Desk
Published at :
कोटाबाग में रिजॉर्ट स्वामी पर अवैध खनन का आरोप, ग्रामीणों ने किया चौकी का घेराव

कोटाबाग। स्यात के ग्रामीणों ने एक रिजॉर्ट स्वामी पर अवैध खनन करने और जेसीबी से सिंचाई नहर क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को कोटाबाग पुलिस चौकी का घेराव किया। ग्रामीणों ने अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

ग्रामीणों के अनुसार स्यात के चलकिया क्षेत्र में एक रिजॉर्ट में निर्माण कार्य किया जा रहा है। आरोप है कि रिजॉर्ट स्वामी अवैध रूप से खनन कर रात के समय डंपर से मिट्टी बाहर भेज रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले एक ग्रामीण ने इसका विरोध किया तो ठेकेदार ने उसे जान से मारने की धमकी दी, जिससे डरकर ग्रामीण ने पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

अवैध खनन के चलते क्षेत्र में दो सिंचाई नहरें भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे किसानों को परेशानी हो रही है। इस मामले में कोटाबाग चौकी पहुंचे निवर्तमान ग्राम प्रधान दीप चंद्र तिवारी, मदन बजवाल, नवीन गर्जोला, विपिन भट्ट, गिरीश आर्या, विनोद पांडेय, कंचन पंत, कुलदीप तड़ियाल, दिनेश त्रिपाठी, योगेश पाण्डेय, सोहन सिंह, कमल बोहरा, राजेश चंद्र समेत अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

अड़िया, गिनती गांव के निवर्तमान प्रधान विपिन भट्ट और मदन बजवाल ने कहा कि बाहरी लोग जमीन खरीदकर क्षेत्र में माहौल खराब कर रहे हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वहीं, कालाढूंगी थानाध्यक्ष विजय मेहता ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायत प्राप्त हुई है। बयान दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीण अवैध खनन पर शीघ्र रोक लगाने व दोषियों पर कार्रवाई की मांग पर अडिग हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›