Report by : CWN Desk
Published at :
अब नैनीताल में प्रवेश होगा महंगा: लेकब्रिज चुंगी शुल्क में भारी बढ़ोतरी, जानिए नई दरें

नैनीताल। पर्यटकों और स्थानीय वाहन चालकों को अब अपनी जेब पहले से ज्यादा ढीली करनी होगी। नैनीताल नगर पालिका बोर्ड ने लेकब्रिज चुंगी शुल्क में बड़ा इजाफा कर दिया है, जिसका गजट नोटिफिकेशन 28 जून को जारी किया गया। अब दो जुलाई से यह नया शुल्क तल्लीताल लेकब्रिज, फांसी गधेरा और बारापत्थर चुंगी पर लागू हो जाएगा।
पहले लेकब्रिज चुंगी शुल्क 110 रुपये था, जिसे बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। हालांकि, यदि कोई वाहन चालक ऑनलाइन या यूपीआई के माध्यम से भुगतान करता है, तो उसे केवल 300 रुपये ही देने होंगे। नैनीताल जिले के चौपहिया निजी वाहनों से 200 रुपये और बाइक चालकों से 100 रुपये वसूले जाएंगे। नगर पालिका ने यह निर्णय उच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत ट्रैफिक नियंत्रण और सुधार योजना के तहत लिया है।
स्थानीय निवासियों के लिए सालाना पास की व्यवस्था की गई है, जिसकी कीमत 5,000 रुपये रखी गई है। हालांकि, पालिका क्षेत्र के बाहर के व्यवसायिक वाहनों को यह सुविधा नहीं दी जाएगी। यह शुल्क एक चक्कर के लिए मान्य होगा, जिससे शहर में अनावश्यक वाहनों की आवाजाही पर अंकुश लगाया जा सकेगा।
नगर पालिका ने पहले ही पार्किंग शुल्क को बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया है। अब लेकब्रिज चुंगी में वृद्धि के बाद साफ है कि पालिका शहर में ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए सख्त कदम उठा रही है। सभी वाहन चालकों और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और डिजिटल भुगतान को प्राथमिकता दें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›