Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल: ढोकाने वॉटर फॉल में दिल्ली से आए युवक की डूबने से मौत, लापरवाह प्रशासन पर भड़के स्थानीय लोग

नैनीताल। जिले के सुयालबाड़ी क्षेत्र स्थित ढोकाने वॉटर फॉल में एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। रविवार को दिल्ली से आए 44 वर्षीय युवक अजय आर्य की डूबने से मौत हो गई। वह अपने एक दोस्त के साथ घूमने आया था। अजय मूल रूप से चौबटिया, रानीखेत का रहने वाला था और इन दिनों दिल्ली में निवास कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, अजय अपने दोस्त के साथ दिल्ली नंबर की कार से ढोकाने वॉटर फॉल घूमने पहुंचा था। वॉटर फॉल में नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और फिर बाहर नहीं निकल सका। आसपास मौजूद लोगों ने जब उसे डूबते देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
रेस्क्यू के लिए मौके पर एसडीआरएफ की टीम पहुंची और काफी प्रयासों के बाद अजय को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले भी इसी वॉटर फॉल में अल्मोड़ा निवासी एक छात्र की डूबने से जान चली गई थी। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से न तो सुरक्षा के इंतजाम किए गए और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं।
स्थानीय लोगों ने इस लापरवाही को लेकर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल से मांग की है कि घटनास्थल पर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल प्रभाव से कड़े कदम उठाए जाएं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›