नैनीताल
नैनीताल में लापता युवक का शव खाई में मिला, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप
नैनीताल के टूटा पहाड़ क्षेत्र में 5 दिन से लापता दीपक उपाध्याय का शव बरामद। परिजनों ने साथ आए तीन दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी।
नैनीताल। तल्लीताल क्षेत्र से पिछले पांच दिनों से लापता 33 वर्षीय युवक दीपक उपाध्याय का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन के सघन खोज अभियान के बाद सोमवार को युवक का शव भवाली रोड स्थित ‘टूटा पहाड़’ की गहरी खाई में मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त पाया गया है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
मूल रूप से अल्मोड़ा निवासी दीपक उपाध्याय हल्द्वानी के भुजियाघाट स्थित एक होटल में काम करता था। जानकारी के मुताबिक, वह 22 अप्रैल की रात अपने तीन दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने आया था, लेकिन रात 9 बजे के करीब वह तल्लीताल रोडवेज स्टेशन के पास से अचानक लापता हो गया। भाई बाला दत्त उपाध्याय की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की थी। घटनास्थल से पुलिस को दीपक का मोबाइल फोन और जूते भी बरामद हुए हैं।
इस मामले में मृतक के परिजनों ने दीपक के साथ आए तीनों दोस्तों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दीपक का दुर्गम खाई में मिलना कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश है। आशंका जताई जा रही है कि शराब पार्टी के दौरान किसी विवाद के बाद उसे खाई में धकेला गया होगा। परिजनों की मांग है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने बताया कि तीनों साथियों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। फिलहाल, हत्या और दुर्घटना दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है।
