अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
खटीमा में बड़ा हादसा: शिक्षिका की ई-स्कूटी से टकराया हाथी, टूटकर गिरा दांत!
टनकपुर हाईवे पर स्कूल जा रही शिक्षिका की ई-स्कूटर से हाथी की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में हाथी का दांत टूट गया, शिक्षिका घायल।
खटीमा:उत्तराखंड के खटीमा में टनकपुर हाईवे पर मंगलवार सुबह एक बेहद अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। स्कूल जा रही एक शिक्षिका की ई-स्कूटी अचानक सामने आए वन्यजीव हाथी से टकरा गई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी का एक बड़ा दांत स्कूटी के अगले हिस्से में फंसकर टूट गया। इस डरावने हादसे के बाद घबराया हुआ हाथी तुरंत वापस जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ।
घायल शिक्षिका की पहचान सैलानीगोठ टनकपुर निवासी निकिता राय के रूप में हुई है, जो खटीमा के हिन्द पब्लिक स्कूल में पढ़ाती हैं। वह रोज की तरह मंगलवार सुबह करीब सात बजे अपनी स्कूटी से स्कूल के लिए निकली थीं। जैसे ही वह जगबुड़ा पुल पार कर चकरपुर के पास पहुंचीं, जंगल क्षेत्र से अचानक एक विशालकाय हाथी सड़क पर आ गया। शिक्षिका ने बचने का प्रयास किया, लेकिन स्कूटी सीधे हाथी से जा टकराई।
टक्कर लगते ही शिक्षिका निकिता सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्होंने बताया कि टक्कर के दौरान हाथी का एक दांत स्कूटी के आगे लगे सुरक्षा गार्ड में फंस गया था। जब हाथी ने खुद को छुड़ाने के लिए झटका मारा, तो उसका दांत टूटकर सड़क पर ही गिर गया। गनीमत रही कि दांत टूटने के बाद हाथी भड़कने के बजाय वापस जंगल की तरफ लौट गया, जिससे शिक्षिका की जान बच गई।
स्कूल के प्रबंधक नीरज खन्ना ने बताया कि घायल शिक्षिका का एमआरआई कराया गया है और डॉक्टरों ने कमर में चोट के कारण उन्हें आराम की सलाह दी है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन रेंजर हरेंद्र बिष्ट ने बताया कि घटनास्थल से टूटे हुए हाथी दांत को सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में वन कर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है।
