नैनीताल
नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: डीएम ललित मोहन रयाल ने जारी की चेतावनी, प्रशासन हाई अलर्ट पर
मौसम विभाग ने नैनीताल जिले में 2 और 3 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। डीएम ललित मोहन रयाल ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून द्वारा नैनीताल जिले के लिए मौसम को लेकर एक बेहद गंभीर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी 2 और 3 जुलाई को जिले के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की प्रबल संभावना जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ (Orange Alert) जारी किया है। मौसम विभाग की इस चेतावनी के तुरंत बाद नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने पूरे जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र को हाई अलर्ट मोड पर रहने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि मानसून की इस संभावित भारी बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड), संवेदनशील मार्गों पर पेड़ गिरने और प्रमुख संपर्क सड़कें बाधित होने की अत्यधिक आशंका है। इस खतरे को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है। विभाग को जिले के सभी संवेदनशील और लैंडस्लाइड संभावित स्थानों पर 24 घंटे जेसीबी (JCB) मशीनों, डंपरों और गैंग कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है ताकि मार्ग बंद होने पर उन्हें तुरंत खोला जा सके।
आपदा से निपटने के लिए जिला, परगना और विकासखंड स्तर पर आपदा प्रबंधन (IRS) के सभी नामित अधिकारियों को अपने-अपने मुख्यालय पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही तहसील स्तर की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को भी पूरी तरह सतर्क कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे अपने मोबाइल फोन चौबीसों घंटे चालू रखें। साथ ही, मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों से प्रत्येक घंटे की आपदा संबंधी लाइव सूचना तहसील कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को भेजी जाए।
जिला प्रशासन ने स्थानीय जनता और बाहरी राज्यों से आ रहे पर्यटकों से अपील की है कि वे 2 और 3 जुलाई के दौरान बहुत जरूरी न होने पर अनावश्यक यात्रा करने से बचें। लोग नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए उनके किनारे न जाएं और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाकर रखें। जिला प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति या जलभराव व भूस्खलन की सूचना देने के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबर 05942-231178, 231179, 231181, मोबाइल नंबर 8272080884 और टोल फ्री नंबर 1077 जारी किए हैं।
