अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
रानीखेत के मजखाली से दिव्यांग युवती लापता, जंगल में मिली चप्पल; ड्रोन से तलाश जारी
रानीखेत के मजखाली से 28 वर्षीय दिव्यांग युवती विधि रहस्यमय तरीके से लापता। सुंदरखाल वन क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी, जंगली जानवर के हमले की आशंका।
रानीखेत। मजखाली कस्बे के पास स्थित सुंदरखाल वन क्षेत्र से एक 28 वर्षीय दिव्यांग युवती रहस्यमय तरीके से लापता हो गई है। लापता युवती की पहचान विधि के रूप में हुई है, जो बीती एक जुलाई की शाम को अपने पिता के साथ घूमने निकली थी। घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी युवती का कोई सुराग नहीं लग पाया है, जिससे परिजन बेहद चिंतित हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मजखाली निवासी गिरीश चंद्र पुजारी अपनी पुत्री विधि के साथ सुंदरखाल के जंगल की तरफ गए थे। घर वापस लौटते समय थकान के कारण विधि रास्ते में ही थोड़ी देर के लिए रुक गई। पिता जब करीब 20 मिनट बाद उसे देखने वापस लौटे, तो विधि उस स्थान पर नहीं थी। हालांकि, घटनास्थल से पुलिस को युवती की चप्पल बरामद हुई है।
चूंकि सुंदरखाल वन क्षेत्र वन्यजीवों की आवाजाही के लिए जाना जाता है, इसलिए स्थानीय लोग और परिजन जंगली जानवर के हमले की आशंका भी जता रहे हैं। परिजनों के मुताबिक, कोरोनाकाल के बाद से युवती मानसिक तनाव में भी रह रही थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ (SDRF) के जवानों ने पूरे जंगल में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
शनिवार को पुलिस प्रशासन ने घने जंगलों में युवती को खोजने के लिए आधुनिक ड्रोन कैमरों की मदद ली। जिला पंचायत सदस्य दीपक साह ने बताया कि इस संवेदनशील मामले को लेकर उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से बात की है। युवती का सुराग लगाने के लिए रविवार को नैनीताल से विशेष डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच को आगे बढ़ाएगी।
