उत्तराखण्ड
रानीखेत में अग्निवीर भर्ती रैली की तैयारियां तेज, जानें पूरा शेड्यूल और जरूरी दिशानिर्देश
रानीखेत के सोमनाथ मैदान में अग्निवीर और केंद्रीय श्रेणी की भर्ती रैली की तैयारियां तेज हो गई हैं। तिथि-वार पूरा शेड्यूल और अभ्यर्थियों के लिए जरूरी दिशानिर्देश यहां पढ़ें।
रानीखेत। कुमाऊं व नागा रेजिमेंट सेंटर (KRC) मुख्यालय में भारतीय सेना की अग्निवीर तथा केंद्रीय और जोनल श्रेणी भर्ती रैली की तैयारियां तेज हो गई हैं। ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान में 27 जुलाई से शुरू होने जा रही इस रैली को लेकर प्रशासन और सैन्य अधिकारी मुस्तैद हैं। बैठक में तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने बिजली, पानी और परिवहन व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए हैं।
रैली की शुरुआत 27 जुलाई से होगी, जहां पहले दिन उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के युवाओं के लिए धार्मिक शिक्षक जेसीओ और शिक्षा हवलदार जैसी केंद्रीय श्रेणियों के लिए प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इसके बाद 28 और 29 जुलाई को जोनल श्रेणी के तहत सोल्जर टेक्निकल नर्सिंग असिस्टेंट और सेपोइ फार्मा पदों के लिए दोनों राज्यों के अभ्यर्थी अपना स्टेमिना दिखाएंगे।
30 जुलाई से 6 अगस्त के बीच अग्निवीर जनरल कैटेगरी, टेक्निकल और ट्रेड्समैन पदों के लिए दौड़ आयोजित होगी। इसमें कुमाऊं मंडल के चार प्रमुख जिलों—बागेश्वर, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और अल्मोड़ा के युवा हिस्सा लेंगे। प्रशासन ने अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए कैंट स्कूल, धर्मशालाओं और इंटर कॉलेजों में इंतजाम किए हैं, जबकि होटलों को रेट लिस्ट चस्पा करने का आदेश दिया है।
रैली में हिस्सा लेने वाले युवाओं को सैन्य परिसर में सुबह 3:30 बजे प्रवेश दिया जाएगा, जिसकी अनुमति केवल सुबह 6:00 बजे तक ही रहेगी। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस और नागरिक प्रशासन की टीमें पूरी तरह से तैनात की गई हैं।
