Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल में बड़ा हादसा: खाई में गिरी पर्यटकों की टवेरा, SDRF ने बचाई 7 जिंदगियां

नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे पर ज्यूलिकोट के पास गहरी खाई में अनियंत्रित टवेरा कार गिरी। SDRF और स्थानीय लोगों ने सभी 7 पर्यटकों का सफल रेस्क्यू किया। पढ़ें पूरी खबर।

हल्द्वानी। नैनीताल में एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है। गुरुवार सुबह नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज्यूलिकोट स्थित ‘एक नंबर बैंड’ के पास पर्यटकों से भरी एक टवेरा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। कार में कुल 7 पर्यटक सवार थे, जो नैनीताल से हल्द्वानी की ओर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और ज्यूलिकोट पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। SDRF के सब-इंस्पेक्टर मनोज रावत के नेतृत्व में टीम ने स्थानीय निवासियों के सहयोग से बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गहरी खाई और मुश्किल भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीम ने बेहद सूझबूझ और तत्परता का परिचय दिया।
रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए 6 यात्रियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, एक यात्री गाड़ी के मलबे और विषम परिस्थितियों में फंसा हुआ था। रेस्क्यू कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे भी सकुशल बाहर निकाला। सभी घायल पर्यटकों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है। समय पर मिली मदद से 7 लोगों की जान बच गई।
ज्यूलिकोट पुलिस के एसएसआई विमल मिश्रा ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह लगभग 10 बजे हुई। हादसे में टवेरा कार (UK 04 TA 3876) पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस प्रशासन अब घायलों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचित करने में जुटा है। शुरुआती जांच में कार के अनियंत्रित होने का कारण तेज मोड़ या तकनीकी खराबी माना जा रहा है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›