Connect with us

उत्तराखण्ड

खेल महाकुम्भ 2026: उत्तराखंड में 1 सितंबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड में 1 सितंबर से 30 अक्टूबर 2026 तक खेल महाकुम्भ का आयोजन होगा। न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक आयोजित होने वाले इस खेल महाकुम्भ की पूरी डिटेल जानें।

देहरादून। उत्तराखंड में युवाओं की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए “खेल महाकुम्भ-2026” की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा 1 सितंबर से 30 अक्टूबर 2026 तक “मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी” के तहत खेल प्रतियोगिताओं का खाका तैयार किया गया है।
निदेशक युवा कल्याण दीप्ति सिंह द्वारा जारी कार्ययोजना के अनुसार, खेल महाकुम्भ का आयोजन चार अलग-अलग स्तरों पर किया जाएगा। न्याय पंचायत स्तर पर प्रतियोगिताएं 1 से 10 सितंबर, विधानसभा स्तर पर 11 से 20 सितंबर, संसदीय क्षेत्र स्तर पर 21 से 30 सितंबर और राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं 10 सितंबर से 30 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होंगी।
न्याय पंचायत स्तर पर अंडर-14 और 19 आयु वर्ग में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और पारंपरिक खेल जैसे मुर्गा झपट शामिल होंगे। संसदीय स्तर पर मलखम्ब, रस्साकसी, कंचा, फुटबॉल और बैडमिंटन की स्पर्धाएं होंगी। राज्य स्तर पर जूडो, बॉक्सिंग, हॉकी, बास्केटबॉल, तैराकी, कुश्ती, तीरंदाजी और योग जैसी कई राष्ट्रीय स्तर की विधाएं आयोजित की जाएंगी। इसमें महिला और दिव्यांगजन ओपन वर्ग भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य राज्य के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को तलाशना और उन्हें बेहतर मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।

Select Language

Advertisement