उत्तराखण्ड
रक्षाबंधन पर महिलाओं को तोहफा, उत्तराखंड की बसों में मुफ्त यात्रा: धामी
रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में महिलाएं मुफ्त यात्रा करेंगी।
देहरादून। रक्षाबंधन पर्व के शुभ अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को एक बड़ा तोहफा दिया है। राज्य सरकार ने रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में 28 और 29 अगस्त को प्रदेश की सीमाओं के भीतर महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में यात्रा पूरी तरह से निशुल्क करने की घोषणा की है। इस निर्णय से पर्व के दौरान यात्रा करने वाली लाखों बहनों को सीधा लाभ मिलेगा।
उत्तराखंड शासन ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम (UTC) को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के तहत दोनों दिन प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में चलने वाली राज्य परिवहन निगम की बसों में महिलाओं से कोई किराया नहीं लिया जाएगा।
इस विशेष पहल का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान महिलाओं की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और आर्थिक रूप से राहत देने वाला बनाना है। रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने भाइयों और परिजनों से मिलने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में यात्रा करती हैं। निशुल्क सेवा मिलने से महिलाओं को काफी सहूलियत होगी और उनका आवागमन आसान हो सकेगा।
उत्तराखंड शासन की अपर सचिव रीना जोशी ने जारी शासनादेश में स्पष्ट किया है कि इस योजना के कारण उत्तराखंड परिवहन निगम को होने वाले कुल व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार स्वयं करेगी। सरकार का यह कदम महिला सम्मान, सशक्तिकरण और जन-कल्याण की दिशा में एक और बड़ा व सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।
