Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

अल्मोड़ा में हैवानियत: 2 घंटे पैदल चलने वाली मासूम को शिक्षक ने कमरे में बंद कर पीटा

Published

on

खबर शेयर करें 👉

अल्मोड़ा के राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं में शिक्षक द्वारा मासूम छात्रा को बेदर्दी से पीटने का मामला। परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश।

अल्मोड़ा। जिले से शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लमगड़ा ब्लॉक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं में कक्षा 6 में पढ़ने वाली एक मानसिक रूप से थोड़ी कमजोर छात्रा के साथ शिक्षक द्वारा बर्बरता का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि मासूम बच्ची को कमरे में बंद करके बेदर्दी से पीटा गया, जिससे क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
हैरान करने वाली बात यह है कि यह बच्ची प्रतिदिन करीब 2 घंटे का कठिन पैदल रास्ता तय करके पढ़ाई करने स्कूल पहुंचती है। इतनी लगन और मेहनत से स्कूल पहुंचने वाली मासूम के साथ ऐसा व्यवहार कई गंभीर सवाल खड़े करता है। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और आंखों में सपने होने चाहिए, उस उम्र में उन्हें स्कूल में डर और हिंसा का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने रोष व्यक्त किया है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता गोविंद सिंह कुंजवाल के इस क्षेत्र में हुई इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी सवाल दाग दिए हैं। स्थानीय लोगों ने जिला अधिकारी अल्मोड़ा से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई करने की मांग की है।
अनुशासन के नाम पर मासूम बच्चों के साथ इस प्रकार की हिंसा किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं की जा सकती। बच्चों को शिक्षा और सुरक्षित माहौल की जरूरत है, न कि डर और अत्याचार की। अब देखने वाली बात यह होगी कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग इस मामले में कितनी तेजी से संज्ञान लेकर पीड़ित बच्ची को न्याय दिलाता है।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री धामी ने हल्द्वानी को दी 147 करोड़ की सौगात, 40 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

Select Language

Advertisement