उत्तराखण्ड
विदेशों में उत्तराखंड के युवाओं को मिलेगा रोजगार, CM धामी ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जमैका, इथियोपिया और जाम्बिया के भारतीय राजदूतों से मुलाकात कर राज्य के युवाओं को विदेशी मांग के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।
देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को वैश्विक स्तर पर रोजगार के नए और बेहतर अवसर दिलाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जमैका, इथियोपिया और जाम्बिया में तैनात भारतीय मिशन प्रमुखों के साथ मुख्यमंत्री आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस दौरान विदेशों में कुशल मानव संसाधन की मांग और वहां उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे विदेशी मिशनों के साथ निरंतर समन्वय बनाकर वहां की मांग का सटीक आकलन करें। विदेशों में जिन क्षेत्रों में कुशल कर्मचारियों की आवश्यकता है, उनके अनुरूप राज्य के युवाओं को विशेष कौशल और भाषा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और सही दिशा में दिया गया प्रशिक्षण उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करेगा।
बैठक में जमैका के उच्चायुक्त मयंक जोशी ने बताया कि उनके यहां नर्सिंग, स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन और कृषि क्षेत्र में भारी मांग है। वहीं जाम्बिया के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने शिक्षा और कृषि क्षेत्र में अवसरों का जिक्र किया, जबकि इथियोपिया के राजदूत देवेश उत्तम ने मैनेजमेंट, लॉजिस्टिक्स और फार्मास्युटिकल में रोजगार की संभावनाएं बताईं। सभी राजदूतों ने राज्य सरकार को इस संबंध में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया है।
रोजगार के अलावा मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के होम स्टे मॉडल, वेलनेस, फार्मा और आयुर्वेद क्षेत्र को भी वैश्विक पहचान दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विदेशों से आने वाले प्रतिनिधिमंडलों को राज्य के सफल होम स्टे का भ्रमण कराया जाए ताकि पर्यटन और वेलनेस सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय निवेश और सहयोग को बढ़ाया जा सके।
धामी सरकार का यह कदम राज्य से होने वाले पलायन को रोकने और युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बेहद अहम माना जा रहा है। सरकार जल्द ही विदेशी मांग के अनुसार युवाओं के प्रशिक्षण और भाषा ज्ञान के लिए एक प्रभावी और सुनियोजित कार्ययोजना लागू करने जा रही है।
