Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

जागेश्वर के नैनी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल, डॉक्टर छुट्टी पर और वार्ड बॉय के भरोसे अस्पताल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

अल्मोड़ा जिले के जागेश्वर धाम क्षेत्र स्थित नैनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में न डॉक्टर हैं न फार्मासिस्ट। एक वार्ड बॉय के सहारे चल रहा अस्पताल। ग्रामीणों ने CMO से गुहार लगाई।

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले में प्रसिद्ध जागेश्वर धाम क्षेत्र स्थित ‘नैनी’ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप पड़ी हुई हैं। इन दिनों मौसम के बदलाव के कारण क्षेत्र में मौसमी बुखार और अन्य बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है, लेकिन अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए न तो कोई डॉक्टर मौजूद है और न ही फार्मासिस्ट।
स्थानीय निवासी भगवान सिंह खनी के अनुसार, अस्पताल में तैनात डॉक्टर साहब पिछले दो महीने से लंबी छुट्टी पर चल रहे हैं। वहीं, यहाँ कार्यरत फार्मासिस्ट को किसी अन्य जगह अटैच (संबद्ध) कर दिया गया है। इसके चलते पूरा स्वास्थ्य केंद्र महज एक वार्ड बॉय के भरोसे चल रहा है, जिसे दवाइयों और प्राथमिक इलाज का उचित अधिकार भी नहीं है।
अस्पताल में चिकित्साकर्मियों के न होने के कारण बुखार से पीड़ित मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आपातकालीन स्थिति में ग्रामीणों और स्थानीय लोगों को इलाज के लिए मजबूरन दूर-दराज के अन्य सरकारी अस्पतालों या महंगे निजी क्लिनिकों का रुख करना पड़ रहा है। इससे क्षेत्र के गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। क्षेत्र के ग्रामीणों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) अल्मोड़ा से पुरजोर अपील की है कि समस्या का तत्काल संज्ञान लिया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में जल्द से जल्द डॉक्टर और फार्मासिस्ट की वैकल्पिक या स्थायी तैनाती की जाए, ताकि मरीजों को स्थानीय स्तर पर राहत मिल सके।

Select Language

Advertisement