अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
पिथौरागढ़ त्रासदी: इकलौते बेटे की मौत का सदमा ना सह सकी मां, सरयू में कूदकर दी जान
पिथौरागढ़ के मड़ेगांव में 14 वर्षीय बेटे की अचानक मौत के बाद मां ने सरयू नदी में छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जानिए पूरी खबर।
पिथौरागढ़। जिले से एक बेहद दुखद और हृदय विदारक खबर सामने आई है। सीमांत मड़ेगांव (वड्डा) में 14 वर्षीय इकलौते बेटे जतिन जोशी की अचानक मौत के सदमे में मां पूनम जोशी ने सरयू नदी में कूदकर जान दे दी। एक ही दिन में परिवार के दो सदस्यों के चले जाने से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, मड़ेगांव निवासी कैलाश चंद्र जोशी का बेटा जतिन शनिवार सुबह झौलखेत मैदान में दौड़ने गया था। घर लौटते समय रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। साथी बच्चों की सूचना पर मां पूनम जोशी तुरंत उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचीं, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों द्वारा बेटे की मृत्यु की पुष्टि करते ही मां गहरे सदमे में आ गईं। अस्पताल से निकलकर वह चुपचाप एक टैक्सी से लगभग 30 किलोमीटर दूर घाट क्षेत्र पहुंचीं। वहां वाहन रुकवाकर उन्होंने सीधे सरयू नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय व्यक्ति के बचाने के प्रयास के बावजूद तेज बहाव के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।
इस परिवार पर आया यह दुखों का पहला पहाड़ नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार, लगभग दो वर्ष पहले इस परिवार की बड़ी बेटी की भी मधुमेह (Diabetes) की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। मृतक जतिन के पिता कैलाश चंद्र जोशी असम राइफल्स में कार्यरत हैं और इस समय त्रिपुरा में तैनात हैं।
पुलिस ने सरयू नदी से मां का शव बरामद कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे पिथौरागढ़ क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
