अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
अल्मोड़ा में खौफनाक वारदात: बुजुर्ग महिला की दाव से सिर काटकर हत्या, गांव में सनसनी
अल्मोड़ा के स्याल्दे ब्लाक में मामूली विवाद के बाद राजेश सिंह ने 66 वर्षीय तुलसी देवी पर दाव से वार कर हत्या कर दी। पुलिस जांच में जुटी।
अल्मोड़ा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। स्याल्दे ब्लॉक के बसाई गांव में आपसी विवाद के दौरान एक बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पूरे ग्रामीण इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को 66 वर्षीय तुलसी देवी का गांव के ही राजेश सिंह (पुत्र दौलत सिंह) के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी आपा खो बैठा। गुस्से में आकर राजेश सिंह ने पास में रखा दाव (दतोइया) उठाकर महिला के सिर पर दे मारा।
गंभीर रूप से घायल तुलसी देवी लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं। वारदात के बाद मची अफरा-तफरी के बीच स्थानीय लोग तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। हालांकि, अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व पुलिस टीम तुरंत मौके और अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी और हत्या के मुख्य कारणों का पता लगाने के लिए छानबीन की जा रही है।
