उत्तराखंड मंत्री रेखा आर्या ने वीडियो जारी कर पति पर लगाए गंभीर आरोप, बच्चों की सुरक्षा की मांग की। तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती।
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में उस समय हड़कंप मच गया जब महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या का एक दर्द भरा वीडियो सामने आया। वीडियो में उन्होंने अपने वैवाहिक जीवन और समर्पण पर सवाल उठाए जाने पर गहरी पीड़ा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि महिला चाहे आम हो या खास, उसे घरेलू और मानसिक अत्याचार बिल्कुल नहीं सहना चाहिए।
अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित मंत्री ने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ पुलिस में आधिकारिक तहरीर दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ ऑडियो भी साझा किए, जिनमें उनके पति और एक अन्य महिला के बीच बातचीत होने का दावा किया गया है। पुलिस इन ऑडियो क्लिप्स की सत्यता जांचने के लिए फॉरेंसिक लैब भेजने की तैयारी कर रही है।
वीडियो जारी करने के तुरंत बाद ही यमुना कॉलोनी स्थित उनके आवास पर उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द और ब्लड प्रेशर बढ़ने की शिकायत के बाद उन्हें तुरंत डालनवाला के कृष्णा मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
इस हाई-प्रोफाइल और संवेदनशील मामले के सामने आते ही राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया है। विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों के साथ-साथ शासन-प्रशासन के अधिकारियों में भी इस पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।