देहरादून के डालनवाला स्थित स्कूल में 11वीं की छात्रा से छेड़छाड़ मामले में शिक्षक व प्रबंधक पर केस दर्ज। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने दिए सख्त निर्देश।
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के डालनवाला स्थित एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल में 11वीं की छात्रा के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। शनिवार को पुलिस ने आरोपी फिजिक्स शिक्षक के अलावा स्कूल प्रबंधक, प्रधानाचार्य और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित छात्रा ने फिजिक्स के शिक्षक पर गलत नीयत से छूने और अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया था। इस मामले की जानकारी सामने आते ही परिजनों और आम लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है।
घटना का संज्ञान लेते हुए उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने एसपी जया बलोनी से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मामले के सभी आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में ऐसा कृत्य पूरी तरह अक्षम्य है। उन्होंने शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने के आरोपों पर विद्यालय प्रबंधन और आंतरिक शिकायत समिति (ICC) की भूमिका की निष्पक्ष जांच की बात कही है।
उन्होंने कहा कि वे स्वयं स्कूल का स्थलीय निरीक्षण करेंगी और पीड़ित छात्राओं की विशेष काउंसलिंग कराई जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर भी कड़ा रोष जताया कि बालिकाओं के साथ हो रहे इस व्यवहार का संज्ञान स्कूल स्तर पर पहले क्यों नहीं लिया गया।