Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: सोशल मीडिया फ्रेंडशिप के बाद ठगी, महिला ने युवक से 14 लाख हड़पे

हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक युवक के लिए महंगी साबित हुई। डहरिया निवासी युवक को शादी का झांसा देकर महिला ने तीन महीने के भीतर करोड़पति बनाने का सपना दिखाया और 14 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने बताया कि उसकी दोस्ती रिचा सचदेवा नामक महिला से सोशल मीडिया पर हुई थी। खुद को दिल्ली निवासी बताने वाली महिला ने लगातार बातचीत के बाद युवक को शादी के लिए प्रपोज किया। महिला ने दावा किया कि वह ट्रेडिंग में निवेश कर रोज लाखों रुपये कमाती है और युवक को भी निवेश करने के लिए प्रेरित किया। उसने तीन महीने में एक करोड़ रुपये कमाने का लालच दिया।
युवक ने विश्वास में आकर शुरुआत में 25 हजार रुपये लगाए और बाद में 12 किस्तों में कुल 14 लाख रुपये से अधिक का निवेश कर दिया। जब उसने महिला से अपने पैसे निकालने को कहा तो उसने बहाने बनाने शुरू कर दिए और टैक्स चुकाने का दबाव डाला।
कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस साइबर टीम की मदद से आरोपी की तलाश कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›