Report by : CWN Desk
Published at :
सांप के काटने के बाद मृत मानकर गंगा में प्रवाहित किया गया युवक नौ साल बाद लौटा जिंदा, गांव में मचा हड़कंप”

बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में एक चौंकाने वाली और रहस्यमयी घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। ताजपुर राजा के रामखेड़ा गांव का युवक सोनू, जिसे नौ साल पहले सांप के काटने के बाद मृत मान लिया गया था, अब अचानक जीवित लौट आया है।
बताया जा रहा है कि सांप के काटने के बाद सोनू बेहोश हो गया था। परिवार वालों ने झाड़-फूंक का सहारा लिया, लेकिन जब वह होश में नहीं आया तो उसे मृत समझकर गंगा बैराज में प्रवाहित कर दिया गया। परंतु नियति को कुछ और ही मंजूर था। सोनू की जान नागा साधु अमरनाथ ने बचा ली और उसे अपने साथ हरिद्वार व ऋषिकेश जैसे तीर्थ स्थलों पर ले गए। वहां सोनू अपनी पहचान और अतीत भूल गया था।
अब नौ साल बाद, नहटौर के सराय गांव में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान वह बीन बजाता नजर आया। गांव की एक लड़की ने उसे पहचान लिया और परिजनों को सूचना दी। जब सोनू के पिता और भाई मौके पर पहुंचे तो भावुक माहौल बन गया। सोनू ने भी उन्हें पहचान लिया और अपनी आपबीती सुनाई।
इस बीच उसकी मां का देहांत हो चुका है। सोनू अब अपने गुरु राजूनाथ के साथ गांव लौट आया है। उसे देखने के लिए ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ उमड़ पड़ी है। गांव में यह घटना आस्था, चमत्कार और विज्ञान के बीच बहस का विषय बन गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›