Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

पिथौरागढ़ में ITBP जवान के भाई की निर्मम हत्या, 8 घंटे में आरोपी टैक्सी ड्राइवर गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में ITBP जवान के भाई भूपेंद्र सिंह चौहान की निर्मम हत्या। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टैक्सी चालक सुमित धामी को गिरफ्तार किया।

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ से एक बेहद ही दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां डीडीहाट क्षेत्र में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के एक जवान के 33 वर्षीय सगे भाई भूपेंद्र सिंह चौहान की लोहे के स्पैनर (पाने) से सिर पर वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की इस गुत्थी को महज 8 घंटे के भीतर सुलझा लिया है।
मृतक भूपेंद्र सिंह चौहान डीडीहाट तहसील के आदिचौरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत हुनेरा के रहने वाले थे। 13 जुलाई को वह किसी व्यक्तिगत काम से डीडीहाट बाजार गए थे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे। इसी दौरान रात में सड़क किनारे कांडा-कफलुवा मोड़ के पास राहगीरों को वह लहूलुहान हालत में बेसुध पड़े मिले। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची डीडीहाट पुलिस ने उन्हें तुरंत नजदीकी उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग की फॉरेंसिक टीम और डॉ. कमल किशोर ने घटनास्थल से डीएनए (DNA) सैंपल समेत कई वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस टीम ने तेजी से जांच आगे बढ़ाते हुए शक के घेरे में आए स्थानीय टैक्सी चालक सुमित सिंह धामी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में आरोपी ड्राइवर सुमित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि बहस के बाद उसने गुस्से में आकर गाड़ी में रखे स्पैनर से भूपेंद्र के सिर पर जोरदार वार कर दिया था।
इस वीभत्स हत्याकांड के बाद पूरे उत्तराखंड में आक्रोश का माहौल है। मृतक की बुजुर्ग मां गंगा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जिन्होंने पुलिस में हत्या की नामजद तहरीर दर्ज करवाई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

Select Language

Advertisement