Report by : CWN Desk
Published at :
बागेश्वर: होटल एसोसिएशन अध्यक्ष से ढाई लाख की रंगदारी, RTI कार्यकर्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज

: बागेश्वर में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम सिंह दानू से 2.5 लाख की रंगदारी मांगने का मामला। आरटीआई कार्यकर्ता गोपाल वनवासी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज। जानें पूरा मामला।

बागेश्वर: जनपद मुख्यालय में एक प्रतिष्ठित होटल कारोबारी और होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष से रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी की तहरीर पर बागेश्वर पुलिस ने एक आरटीआई (RTI) कार्यकर्ता के खिलाफ जबरन वसूली की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया और बुलडोजर की धमकी
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम सिंह दानू ने 16 मार्च को कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि गरुड़ के रीठा निवासी गोपाल राम उर्फ गोपाल वनवासी उन्हें लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। आरोप है कि गोपाल सोशल मीडिया पर होटल के खिलाफ भ्रामक और मानहानिकारक पोस्ट डाल रहा था। इतना ही नहीं, आरोपी ने फोन पर धमकी दी कि यदि मोटी रकम नहीं दी गई, तो वह होटल को अवैध बताकर न्यायालय में याचिका दायर करेगा और भवन को बुलडोजर से ध्वस्त करवा देगा।
5 लाख से शुरू हुई मांग 2.5 लाख पर रुकी
तहरीर के अनुसार, विगत सोमवार को जिला न्यायालय मार्ग स्थित एक मंदिर के पास दोनों की मुलाकात हुई। इस दौरान आरोपी ने मामले को रफा-दफा करने के लिए पहले 5 लाख रुपये मांगे, जो बाद में सौदेबाजी के बाद 2.5 लाख रुपये पर तय हुए। वादी विक्रम सिंह दानू का दावा है कि उनके पास इस पूरी बातचीत की पुख्ता ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध है, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है।
पहले भी 40 हजार वसूलने का आरोप
होटल कारोबारी ने पुलिस को बताया कि बदनामी और अनावश्यक कानूनी विवाद से बचने के लिए उन्होंने पूर्व में भी आरोपी को 40 हजार रुपये दिए थे। लेकिन एक बार रकम मिलने के बाद आरोपी के हौसले और बढ़ गए और उसने अब लाखों रुपये की मांग शुरू कर दी।
पुलिस की कार्रवाई
प्रभारी कोतवाल मनोहर चंद ने बताया कि पीड़ित की तहरीर और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी गोपाल वनवासी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं (जबरन वसूली – धारा 308 (2)) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जा सकती है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›