Report by : कालू वर्मा
Published at :
कैश डिलीवरी वाहन के सिक्योरिटी गार्ड की रायफल से चली गोली, सहकर्मी की मौत

अचानक राइफल गिरने से चल गई गोली, घटना की पुलिस जांच में जुटी

हरिद्वार। प्रेमनगर आश्रम के बाहर बैंक ऑफ बड़ौदा के बाहर कैश डिलीवरी वाहन के सिक्योरिटी गार्ड की रायफल गिरने से चली गोली लगने से उसके सहकर्मी की मौत हो गई। ज्वालापुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घटना सोमवार शाम करीब चार बजे की है। बैकों से कैश लाने-लेजाने का कार्य करने वाली अंबे सिक्योरिटी का कैश डिलीवरी वाहन शाम को कैश छोड़ने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा प्रेमनगर आश्रम पहुंचा था। बैंक में कैश जमा कराने के बाद सिक्योरिटी कर्मचारी वापस जाने लगे थे। इसी दौरान सिक्योरिटी गार्ड जितेंद्र निवासी रावली महदूद ने वाहन से अपनी लाइसेंसी रायफल उठाई। जैसे ही रायफल उठाई तो वह नीचे गिर गई। रायफल नीचे गिरते ही गोली चलने से पास में ही खड़े कर्मचारी आदित्य पुत्र सुरेश उम्र 25 वर्ष निवासी जगजीतपुर कनखल के पेट में जा लगी।
गोली चलते ही अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में खून से लथपथ कर्मचारी को कनखल के रामकृष्ण मिशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोली लगने की सूचना पर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा, एसएसआई संतोष सेमवाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड से घटनाक्रम के संबंध में जानकारी ली।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि रायफल गिरने से गोली कैसे चली, इस संबंध में जांच कराई जाएगी। कर्मचारी का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। बैंक शाखा में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी चेक की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›