Report by : CWN Desk
Published at :
जिलाधिकारी ने जनपद में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की

रुद्रपुर(उधमसिंहनगर)- जिलाधिकारी युगल किशोर पन्त ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आकांक्षी जनपद के अन्तर्गत चल रहे विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कार्य में लापरवाही बरतने वाली एवं सही से कार्य न करने वाली आशाओं को सस्पैण्ड करने एवं सख्ती से कार्यवाही करने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिये। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जन्म के समय लिंगानुपात कम होने पर चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि लिंगानुपात में सुधार नहीं हुआ तो बारात ले जाने का सपना, सपना न रह जाये। जिलाधिकारी ने क्षेत्रवार लिंगानुपात का डाटा उपलब्ध कराने तथा घट रहे लिंगानुपात वाले क्षेत्रों में विशेष तौर पर जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रेग्नेन्ट महिलाओं की शतप्रतिशत संस्थागत डिलीवरी कराने, शतप्रतिशत एनएनसी रजिस्टर्ड कराने, शतप्रतिशत टीकाकरण कराने, प्रेग्नेंट महिलाओं का निमयानुसार हीमोग्लोबिन टेस्ट कराने के स्पष्ट निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिये।
जिलाधिकारी ने जनपद में ड्रॉप आउट बच्चों को चिन्हित करते हुए विद्यालयों में प्रवेश दिलाने के स्पष्ट निर्देश शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दिये। उन्होंने जनपद में ड्रिप तथा स्प्रिंकलर सिंचाई को बढ़ावा देने, अधिक से अधिक किसानों को पीएम फसल बीमा योजना से जोड़ने के निर्देश कृषि विभाग के अधिकारियों कोे दिये। उन्होंने उच्च मूल्य के उत्पादों को बढ़ावा देने के निर्देश कृषि तथा उद्यान विभाग के अधिकारियों को दिये। जिलाधिकारी ने बाल विकास, अवस्थापन विकास तथा कौशल विकास आदि से सम्बन्धित विभागों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने समीक्षा के दौरान सभी सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि एस्पीरेशनल डिस्ट्रिक्ट के अन्तर्गत सभी इण्डीकेटर्स में शतप्रतिशत कार्य हेतु विस्तृत कार्य योजना तैयार करते हुए प्रस्तुत की जाये।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल मिश्रा, महाप्रबन्धक मण्डी निर्मला बिष्ट, जिला विकास अधिकारी तारा ह्यांकी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नफील जीमल, जिला सेवायोजन अधिकारी आरके पन्त, जिला पंचायतराज अधिकारी आरसी त्रिपाठी, मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी आर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.मनोज शर्मा, मुख्य कृषि अधिकारी एके वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी उदय प्रताप सिंह आदि उपस्थित थे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›