Report by : CWN Desk
Published at :
हॉर्न बजाने पर पर्यटकों ने कर दी स्कूटी सवार की पिटाई, फिर हुआ हंगामा

मसूरी। मसूरी में बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। सड़क पर खड़ी कार आगे बढ़ाने के लिए हॉर्न बजाने पर कार सवार हरियाणा के पर्यटकों ने स्कूटी सवार को बुरी तरह पीट दिया। यह देख स्थानीय लोग भड़क गए और उनमें से कुछ लोगों ने पर्यटकों के साथ हाथापाई कर दी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गांधी चौक के पास पुलिसकर्मी तैनात थे, लेकिन उनमें से कोई बीच-बचाव को नहीं आया। इसके विरोध में स्थानीय लोगों ने गांधी चौक पर जाम लगा दिया, जिस कारण वहां वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में जनप्रतिनिधियों और कोतवाल शंकर सिंह बिष्ट ने आरोपितों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। वहीं, स्कूटी सवार ने आरोपित पर्यटकों के विरुद्ध मसूरी कोतवाली में तहरीर दी है।
हालांकि, देर रात तक मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। बुधवार दोपहर में स्कूटी सवार विक्रम सजवाण बच्चों को लेने स्कूल जा रहे थे। तभी गांधी चौक के पास हरियाणा के पर्यटकों की कार बीच सड़क पर खड़ी थी। विक्रम ने स्कूटी का हॉर्न बजाकर कार आगे बढ़ाने के लिए कहा तो आरोप है कि कार सवारों ने विक्रम की पिटाई शुरू कर दी। यह देख वहां स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए और भीड़ में से कुछ लोगों ने पर्यटकों से भी हाथापाई कर दी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›