Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

पिथौरागढ़ में खौफनाक वारदात: नशेड़ी बेटे ने हथौड़े से वार कर पिता को उतारा मौत के घाट

Published

on

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ के पुरान गांव में नशे के आदी युवक ने अपने पिता की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर।

पिथौरागढ़: सीमांत जिले पिथौरागढ़ में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जिला मुख्यालय से महज 12 किलोमीटर दूर पुरान गांव में एक बेटे ने अपने ही पिता की हथौड़े से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी गौरव ने शुक्रवार रात विवाद के बाद अपने पिता बिशन राम के सिर और छाती पर ताबड़तोड़ वार किए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक 50 वर्षीय बिशन राम पेशे से राज मिस्त्री थे। शुक्रवार की रात उनका अपने 28 वर्षीय छोटे बेटे गौरव के साथ किसी पुरानी बात को लेकर विवाद हो गया था। नशे में धुत गौरव ने गुस्से में आकर घर में रखे हथौड़े से पिता पर हमला बोल दिया। हमले के बाद पिता रातभर खून से लथपथ हालत में तड़पते रहे, लेकिन आरोपी बेटा दूसरे कमरे में जाकर चैन से सो गया।
शनिवार सुबह करीब आठ बजे जब बिशन राम के भतीजे सूरज कुमार को इस घटना की भनक लगी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस की मदद से घायल बिशन राम को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ऑपरेशन की तैयारी शुरू की, लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं कि दोपहर पौने तीन बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।
कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि आरोपी गौरव लंबे समय से नशे की गिरफ्त में था, जिसके कारण परिवार में अक्सर तनाव रहता था। नशे की लत ने उसे इतना क्रूर बना दिया कि उसे अपने घायल पिता पर जरा भी तरस नहीं आया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है। परिजनों का मानना है कि अगर समय पर अस्पताल ले जाया जाता, तो शायद उनकी जान बच सकती थी।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement