Report by : CWN Desk
Published at :
काशीपुर में पूर्व प्रधान को गोली मारी, हालत गंभीर, क्षेत्र में दहशत

काशीपुर। गुरुवार सुबह ढकिया कला गांव के पूर्व प्रधान श्याम सिंह पर क्लीनिक के बाहर घात लगाकर हमला कर दिया गया। चार साल की बेटी के साथ जांच के लिए क्लीनिक आए श्याम सिंह जैसे ही बाहर निकले और बाइक मोड़ने लगे, तभी पास के अमरूद के बाग में छिपे हमलावर ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दो गोलियां लगते ही वह बाइक समेत गिर पड़े।
गोलीबारी की आवाज सुनकर क्लीनिक संचालक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को संभालकर तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन श्याम सिंह को निजी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर एएसपी अभय सिंह और कोतवाल अमर चंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर कब्जे में लेकर हमलावर की तलाश शुरू कर दी है।
पूर्व प्रधान के भतीजे गौरव कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
गौरतलब है कि काशीपुर में यह लगातार दूसरा दिन है जब गोलीबारी की घटना सामने आई है। लगातार हो रही वारदातों से स्थानीय लोग दहशत में हैं। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आरोपित किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›