Report by : CWN Desk
Published at :
काशीपुर में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

काशीपुर। उत्तराखंड के काशीपुर में एक युवक की बोलेरो वाहन की चपेट में आने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान यूपी के रामपुर जिले के ग्राम बढ़ापुर सुमाली निवासी अमन पाल (24) पुत्र चरनपाल के रूप में हुई है, जो सुल्तानपुर पट्टी स्थित एक स्टोन क्रशर में पोकलेन मशीन चलाने का काम करता था।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे अमन को उसके एक दोस्त का फोन आया, जिसने रामनगर रोड स्थित प्रतापपुर किसी जरूरी काम के लिए बुलाया। अमन ने साथ काम करने वाले अपने दोस्त नीतीश को भी साथ चलने को कहा। इसके बाद अमन, नीतीश और दो अन्य युवक कार से प्रतापपुर की ओर रवाना हुए।

कुछ देर बाद अमन के सड़क दुर्घटना में बोलेरो की टक्कर से मौत होने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए अमन के साथ गए दो युवकों पर साजिशन हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›