Report by : CWN Desk
Published at :
तनख्वाह मिलने की खुशी में युवक ने दोस्तों के साथ मनाई पार्टी और हो गई मौत

युवक के परिवारजनों ने दोस्तों के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा, ओवरडोज देकर मारने का आरोप
देहरादून। ऋषिकेश में होटल में काम करने वाले युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजनों ने उसके दोस्तों पर हत्या का शक जताते हुए रायपुर थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोस्तों पर उसे नशे की ओवरडोज देकर मारने का आरोप है। पुलिस ने मृतक के मोबाइल व अन्य सामान कब्जे में ले लिया है।
रायपुर थानाध्यक्ष कुंदन राम ने बताया कि घटना रायपुर थाना क्षेत्र के दोनाली इलाके की है। सिद्धांत त्यागी निवासी रायपुर ऋषिकेश के एक होटल में काम करता था। वह अपने घरवालों को बिना बताए गत आठ मई को दोनाली में अपने दोस्त आदित्य के घर पर आया था। यहां पर उसने अपने दोस्तों करण व आदित्य के साथ पार्टी की।
सुबह करन और आदित्य तो जाग गए लेकिन सिद्धांत बेहोश पड़ा हुआ था। इसकी सूचना आदित्य ने स्वजनों और पुलिस को दी। मौके पर इमरजेंसी सेवा के माध्यम से सिद्धांत को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में सिद्धांत के मामा मनोज पांडे ने पुलिस को शिकायत की है। उनका कहना है कि आठ मई को सिद्धांत को अपने होटल से वेतन मिला था। इस पर उसके दोस्त आदित्य ने उसे पार्टी के लिए बुलाया था। सभी लोगों ने इस प्रोग्राम को गुपचुप तरीके से रखा।
आदित्य, करण, सिद्धांत और इनके दोस्त दोनाली में आदित्य के घर पर थे। मनोज पांडे ने आरोप लगाया कि करन और आदित्य ने जानबूझकर सिद्धांत को नशे की ओवरडोज दी। जब वह बेहोश हो गया तो उसे मरने के लिए छोड़ दिया।
स्वजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि सिद्धांत की मौत आठ मई की रात में ही हो गई थी लेकिन, उसके दोस्तों ने किसी को यह बात नहीं बताई। पुलिस कार्रवाई हो गई और उसे अस्पताल में मृत भी घोषित कर दिया गया।
बावजूद इसके उन्होंने स्वजनों को अगले दिन नौ मई की दोपहर को सूचना दी। इससे उनकी मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम में मृत्यु के असली कारणों का पता चल सकेगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›