Report by : Paras Bisht
Published at :
कुमाऊं आयुक्त का टाउन प्लानर कार्यालय में छापा, सहयुक्त नियोजक बिष्ट मिले गायब, स्पष्टीकरण किया तलब

दीपक रावत ने वॉकवे मॉल के पास निर्माणाधीन पुलिया का निरीक्षण कर 30 अगस्त तक कार्य पूरा करने के निर्देश

कुमाऊं आयुक्त का टाउन प्लानर कार्यालय में छापा, सहयुक्त नियोजक बिष्ट मिले गायब, स्पष्टीकरण किया तलब


हल्द्वानी
। आयुक्त दीपक रावत ने शुक्रवार को नैनीताल रोड स्थित वॉकवे मॉल के पास निर्माणाधीन पुलिया का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिया निर्माण समयबद्ध अवधि में पूर्ण ना होने पर नाराजगी व्यक्त की। अधिशासी अभियंता लोनिवि अशोक कुमार चौधरी को निर्देश दिये कि एक तरफ जो पुलिया का निर्माण वर्तमान में चल रहा है उसे 30 अगस्त तक पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
अधिशासी अभियंता लोनिवि श्री चौधरी ने बताया कि वर्षाकाल समाप्त होेने के पश्चात दूसरी ओर की पुलिया का निर्माण किया जायेगा। उन्होंने मौके पर लोनिवि के अधिकारियों को निर्देश दिये कि दूसरी तरफ की पुलिया का निर्माण समय से किया जाए ताकि आम जनता को आवागमन में परेशानियों का सामना ना करना पडे।
इसके पश्चात आयुक्त दीपक रावत ने सहयुक्त नियोजक कुमाऊं सम्भागीय नियोजन खण्ड (टाउन प्लानर) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण दौरान आयुक्त को सहयुक्त नियोजक हरिशंकर सिंह बिष्ट बिना स्वीकृति के अवकाश पर जाने व आम जनता के आवासीय भवनों के नक्शे के एनओसी काफी संख्या में प्रपत्र लम्बित होने पर आयुक्त श्री रावत ने सहयुक्त नियोजक हरि शंकर सिंह बिष्ट का स्पष्टीकरण किया तलब।
श्री रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश है कि आम जनता के आवासीय नक्शे 15 दिनों में पास होने हैं। उन्होंने कहा कि सहयुक्त 4 अगस्त से बिना अवकाश स्वीकृत किये अनुपस्थित चल रहे हैं साथ ही कार्यालय के स्टाफ द्वारा आयुक्त को बताया गया कि 15 अगस्त को भी सहयुक्त नियोजक हरिशंकर सिंह बिष्ट अनुपस्थित पाये गये। उन्हांेने कहा आम जनता की समस्याओं का समाधान समय से हो यही प्राथमिकता है।उन्होंने कहा बिना स्वीकृति के अवकाश पर जाने पर संतोषजनक जवाब नही देने पर सहयुक्त नियोजक के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। आयुक्त ने निर्देश दिये है कि कार्यालयों से बिना अवकाश स्वीकृति अधिकारी/कर्मचारी अनुपस्थित ना रहें, अनुपस्थित होने पर कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।
इसके पश्चात आयुक्त द्वारा क्रियाशाला मार्ग पर भ्रमण के दौरान ई-रिक्शा में बैठे लोगों से हालचाल पूछने पर वे घबरा गये संदिग्ध प्रतीत होने पर, चैकिंग करने पर उन लोगों से कुछ मात्रा में चरस प्राप्त हुई। आयुक्त ने उन लोगों से पूछा की चरस कहां से आयी उनके द्वारा बताया गया कि यह रेलवे क्रासिंग राजपुरा के पास से लेकर आये। उनके द्वारा जानकारी मिलते ही आयुक्त रेलवे क्रासिंग की ओर चल दिये। मौके पर राजपुरा रेलवे क्रासिंग के पास चार व्यक्ति चरस के साथ पकडे गये। आयुक्त ने सीओ संजय सिंह गर्ब्याल को चारों व्यक्तियों को पूछताछ एवं उचित कार्यवाही करने के निर्देश मौके पर दिये। आयुक्त ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाए। इसके लिए सभी सम्बन्धित विभाग समय-समय पर चैकिंग अभियान के साथ ही जागरूकता अभियान चलायें साथ ही नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों के प्रति सहानुभूति रखते हुए उन्हें नशा छोड़कर समाज की मुख्य धारा में लाने के प्रयास के लिए पहल की जाए। निरीक्षण दौरान मौके पर मुख्य नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय, सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह,मुख्य अभियंता सिचाई संजय शुक्ला, अधिशासी अभियंता लोनिवि अशोक कुमार चौधरी, सीओ संजय सिंह गर्ब्याल के साथ ही सम्बन्धित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›