Connect with us

हल्द्वानी

लालकुआं: जयपुर खीमा में फर्जी वोटिंग के आरोप पर बवाल, चार घंटे तक घेराबंदी और हंगामा

Published

on

खबर शेयर करें 👉

लालकुआं। मोटाहल्दू क्षेत्र के जयपुर खीमा गांव में सोमवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान फर्जी मतदान के आरोपों के चलते भारी बवाल खड़ा हो गया। प्राथमिक पाठशाला और आंगनबाड़ी केंद्र जयपुर खीमा में मतदान चल रहा था, तभी कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनके वोट किसी और ने डाल दिए हैं। आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में लोग मतदान केंद्र के बाहर जुट गए और नारेबाजी करते हुए दोबारा मतदान की मांग करने लगे।

शाम को जब मतदान समाप्त हुआ और पोलिंग पार्टियां मतपेटियों के साथ वापस लौट रही थीं, तभी गुस्साए ग्रामीणों ने उनके वाहनों की घेराबंदी कर दी और उन्हें जाने से रोक दिया। इस दौरान भारी हंगामा और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर पहुंचे सेक्टर मजिस्ट्रेट बीएल जोशी, तहसीलदार कुलदीप पांडे और अन्य अधिकारियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया।

यह भी पढ़ें 👉  जेल से पैरोल पर जाने वाले कैदी इस बात का रखें ध्यान, वरना होगी गिरफ्तारी

स्थिति को देखते हुए महिला फोर्स भी बुलानी पड़ी क्योंकि विरोध कर रहे ग्रामीणों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक हुई, लेकिन अधिकारियों ने वार्ता कर लोगों को शांत कराया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

तहसीलदार कुलदीप पांडे ने बताया कि प्रशासन ने ग्रामीणों से कहा कि जिनके वोट कथित रूप से किसी और ने डाल दिए हैं, वे टेंडर वोट डाल सकते हैं। हालांकि, जिनके नाम पर फर्जी वोटिंग की बात कही जा रही थी, वे लोग मौके पर नहीं मिले। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि यदि किसी को आपत्ति है तो वह लिखित शिकायत दे, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और पोलिंग पार्टियां कड़ी सुरक्षा में रवाना हुईं।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल एसओजी की कमान विजय पाल सिंह को मिली

इस पूरे प्रकरण पर एसडीएम राहुल शाह ने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्र संख्या 137 पर तीन लोगों ने वोट फर्जी तरीके से डाले जाने की शिकायत की थी, जिन्हें टेंडर वोट डालने को कहा गया था। लेकिन वे लोग वोट डालने के बजाय प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने कहा कि मौके पर पुलिस टीम भेजकर स्थिति को नियंत्रित किया गया और चुनाव में व्यवधान डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मतदान में किसी प्रकार की फर्जी वोटिंग नहीं हुई है और माहौल बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement