Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी के मीरा मार्केट में कपड़े की दुकान में आग, लाखों का नुकसान

हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर के व्यस्त मीरा मार्केट में मंगलवार देर रात कपड़े की एक दुकान में अचानक आग लग गई। घटना से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मीरा मार्केट स्थित वैशाली एंपोरियम नामक दुकान, जो प्रमोद गुप्ता की है, में देर रात करीब 11 बजे आग भड़क उठी। दुकान में लहंगे, पिछौड़ा और शादी-समारोह से जुड़ी सामग्री रखी थी। आग लगते ही धुंआ उठने लगा, जिसे देख आसपास के लोग और दुकानदार बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए।
स्थानीय लोगों के प्रयासों से आग ज्यादा नहीं फैल पाई। कुछ देर बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पानी की बौछार से आग पर पूरी तरह काबू पाया। सीएफओ गौरव किरार ने बताया कि सूचना पर एक दमकल गाड़ी भेजी गई थी और करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग बुझा दी गई।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि शार्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। घटना में लाखों रुपये मूल्य का नुकसान होने की आशंका है। सौभाग्य से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›