Report by : CWN Desk
Published at :
स्पाइडरमैन मास्क पहनकर स्कूल के बाहर डांस करने वाला युवक गिरफ्तार, पुलिस ने की सख्त कार्रवाई

चमोली। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। वीडियो में एक युवक स्कूल की छुट्टी के समय स्पाइडरमैन मास्क पहनकर सड़क पर डांस करता दिखाई दे रहा है। यह घटना गोपेश्वर क्षेत्र की है। युवक की हरकत से न केवल बच्चों और अभिभावकों को परेशानी हुई बल्कि राहगीरों को भी यातायात बाधा का सामना करना पड़ा।
जांच में पता चला कि यही युवक बद्रीनाथ धाम में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ भी इसी तरह की हरकतें कर रहा था। उसकी इस गतिविधि से श्रद्धालुओं और आम जनता में नाराजगी फैल गई। लगातार शिकायतें मिलने के बाद चमोली पुलिस की मीडिया सेल सक्रिय हुई और युवक को हिरासत में लिया गया।
आरोपी की पहचान अभिषेक नेगी निवासी गौंणा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्यवाही की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चमोली पुलिस ने चेतावनी दी है कि मजाक या शरारत के नाम पर अगर कोई व्यक्ति सार्वजनिक जीवन में बाधा या अशांति फैलाता है, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे। जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›