Report by : CWN Desk
Published at :
स्मैक तस्करी में रोडवेज बस चालक और किशोरी गिरफ्तार

मकान मालिक की नाबालिक बेटी बरेली से स्मैक लाकर जसपुर से बस में हुई थी सवार, दून में करनी थी डिलीवरी
देहरादून। रोडवेज बस के संविदा चालक और उसकी परिचित किशोरी को सहसपुर थाना पुलिस ने स्मैक तस्करी के साथ पकड़ा है। आरोपी चालक टनकपुर से रोडवेज बस लेकर देहरादून आया था। जबकि किशोरी बरेली से स्मैक लाकर जसपुर से बस में सवार हुई थी। दोनों को मिलकर स्मैक की डिलीवरी छोटा रामपुर में देनी थी।
डीआईजी दलीप कुंवर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सहसपुर थाना पुलिस ने छोटा रामपुर में एक फार्म हाउस के पास नशा तस्करी की सूचना पर दो लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास 512 ग्राम स्मैक मिली। आरोपी की पहचान सुरेंद्र कुमार निवासी अमननगर अफजलगढ़ बिजनौर यूपी के रूप में हुई। उसके साथ इस तस्करी में शामिल लड़की साढ़े सत्रह साल की है। दोनों से हेरोइन और इलेक्ट्रिक तराजू मिली। जांच में पता चला कि लड़की को इस साल नेहरू कॉलोनी पुलिस ने 100 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा था।
आरोपी सुरेंद्र ने पूछताछ में बताया कि लड़की जसपुर की रहने वाली है। वह भी लड़की के घर के पास किराये पर रहता है और रोडवेज में संविदा चालक है। दोनों में दोस्ती हुई तो मिलकर बरेली से हेरोइन लाकर सहसपुर क्षेत्र में बेचने की योजना बनाई। एसओ सहसपुर गिरीश नेगी ने बताया कि लड़की के पिता का देहांत हो चुका है। जबकि, भाई बीमार है। घर चलाने और उसका इलाज कराने के लिए वह आसानी से कमाई के लालच में बरेली के मीरगंज से नशा लेकर आई।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›