Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: काठगोदाम स्टेशन पर अचेत मिले BSF जवान की मौत, जहरखुरानी गिरोह ने लूटा सामान

अल्मोड़ा के रानीखेत में दिल दहला देने वाली वारदात। ऐना गांव में अज्ञात हमलावर ने अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवक की गला रेतकर हत्या की। दो महिलाएं घायल।

अल्मोड़ा। जिले के अंतर्गत रानीखेत तहसील क्षेत्र से एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां के सुदूरवर्ती ऐना गांव में शुक्रवार देर शाम एक अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर 20 वर्षीय युवक की चाकू से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस अचानक हुए जानलेवा हमले में युवक को बचाने आई उसकी बुआ और बुआ की बुजुर्ग सास भी गंभीर रूप से जख्मी हो गई हैं। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीण सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मूल रूप से सिमोली गांव निवासी 20 वर्षीय सागर सिंह पुत्र चंदन सिंह उत्तर प्रदेश के मेरठ में रहकर अपनी पढ़ाई कर रहा था। वह कुछ समय से भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया की तैयारी में भी जुटा हुआ था। इन दिनों सागर ऐना गांव में अपनी सगी बुआ जानकी देवी के घर आया हुआ था। शुक्रवार की देर शाम जब परिवार के लोग घर पर थे, तभी अचानक एक अज्ञात हमलावर ने घर की दहलीज पार की और सागर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।
हमलावर इस कदर खून सवार होकर आया था कि उसने सागर को संभलने का बिल्कुल भी मौका नहीं दिया। उसने धारदार चाकू से सागर का गला रेत दिया, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर जब सागर की बुआ जानकी देवी और उनकी सास साबुली देवी बीच-बचाव के लिए दौड़ीं, तो बेरहम हमलावर ने उन दोनों महिलाओं पर भी चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। दोनों महिलाओं को लहुलूहान करने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
शोर-शराबा सुनकर जब तक आसपास के ग्रामीण घटना स्थल पर एकत्रित हुए, तब तक हमलावर भाग चुका था। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं को उपचार के लिए तुरंत उप जिला अस्पताल रानीखेत में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। इस जघन्य अपराध की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस सनसनीखेज मर्डर केस पर प्रतिक्रिया देते हुए स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपी को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है, हालांकि अभी तक हत्या के पीछे की असल वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस टीम संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और दावा है कि जल्द ही हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›