अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
हरेला पर्व पर वृद्ध जागेश्वर पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी, की विशेष पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरेला पर्व के शुभ अवसर पर वृद्ध जागेश्वर मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लोक संस्कृति के पावन पर्व हरेला के अवसर पर अल्मोड़ा जिले के प्रसिद्ध वृद्ध जागेश्वर मंदिर पहुंचे. वहां उन्होंने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की. सीएम धामी ने महादेव का आशीर्वाद लेकर देश और उत्तराखंड राज्य की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पावन अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने इस पर्व को प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक अनुपम उदाहरण बताया. मुख्यमंत्री धामी ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए पर्यावरण संवर्धन और जल स्रोतों को बचाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की.
वृद्ध जागेश्वर में पूजन कार्यक्रम संपन्न करने के बाद मुख्यमंत्री सीधे जागेश्वर धाम के लिए रवाना हुए. यहां उन्होंने बाबा जागेश्वर के दर्शन-पूजन किए और ऐतिहासिक श्रावणी मेले का भव्य शुभारंभ किया. उन्होंने जागेश्वर धाम को हमारी पौराणिक सांस्कृतिक विरासत का एक अद्भुत प्रतीक बताया.
इस अवसर पर स्थानीय जनता और श्रद्धालुओं में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला. सरकार के अनुसार मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत जागेश्वर क्षेत्र का तेजी से जीर्णोद्धार और विकास किया जा रहा है. सीएम धामी ने दोहराया कि राज्य सरकार देवभूमि के प्राचीन मंदिरों और आस्था केंद्रों के कायाकल्प के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
