Report by : CWN Desk
Published at :
पिथौरागढ़ में सनसनी: होटल के कमरे में SSB जवान ने किया सुसाइड, मफलर का बनाया फंदा

पिथौरागढ़ के डीडीहाट में एसएसबी हेड कॉन्स्टेबल हुसन लाल ने होटल में फांसी लगाकर जान दी। छुट्टी से लौटने के बाद नहीं की थी ड्यूटी जॉइन। पुलिस मामले की जांच में जुटी।

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमावर्ती जिले पिथौरागढ़ से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ डीडीहाट स्थित एक होटल के कमरे में सीमा सुरक्षा बल (SSB) के एक हेड कॉन्स्टेबल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक जवान की पहचान पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर निवासी 41 वर्षीय हुसन लाल के रूप में हुई है। इस घटना से सुरक्षा बल और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, हुसन लाल एसएसबी की 11वीं वाहिनी डीडीहाट में तैनात थे। वह 18 मार्च को ही अपनी छुट्टी पूरी कर घर से वापस लौटे थे। हालांकि, उन्होंने अपनी यूनिट में ड्यूटी जॉइन करने के बजाय स्थानीय होटल में ठहरने का फैसला किया। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से वह काफी तनाव में और परेशान दिख रहे थे।
घटना का खुलासा 21 मार्च की रात को हुआ जब होटल का एक कर्मचारी पानी देने के लिए उनके कमरे में गया। दरवाजा अंदर से खुला होने पर जब कर्मचारी अंदर दाखिल हुआ, तो उसने देखा कि जवान का शव मफलर के फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में होटल मालिक ने पुलिस को सूचित किया। थानाध्यक्ष संजय जोशी ने टीम के साथ मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया।
एसएसबी के उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अभी तक सुसाइड के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस जवान के मोबाइल रिकॉर्ड और परिजनों से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर उन्होंने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›