Report by : कालू वर्मा
Published at :
अवैध संबंध उजागर होने के डर से की थी किशोर की हत्या, पुलिस ने खोला राज

19 फरवरी को लापता किशोर का गन्ने के खेत से मिला था शव
हरिद्वार। अवैध संबंध उजागर होने के डर से फैक्ट्रीकर्मी ने गला दबाकर किशोर की हत्या की थी और शव गन्ने के खेत में फेंका था। किशोर ने फैक्ट्रीकर्मी को महिला के साथ गन्ने के खेत में आपत्तिजनक हालत में देखा था।
पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपित फैक्ट्रीकर्मी ने पुलिस के सामने पूरी करतूत बताई। 19 फरवरी को किशोर लापता हो गया था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज की थी।
शनिवार को भगवानपुर थाने में पत्रकार वार्ता में एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि खुब्बनपुर गांव निवासी सरदार सिंह का बेटा कार्तिक (13) घर से 19 फरवरी को लापता हो गया था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज की थी।
पुलिस और स्वजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया था। 25 फरवरी को कार्तिक का शव गांव के पास ही गन्ने के खेत में मिला था। पुलिस की जांच में सामने आया था कि गला दबाकर हत्या की गई है। इसके बाद से पुलिस ने मामले की तेजी से छानबीन की।
पुलिस ने गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। पुलिस ने 19 फरवरी की सुबह की फुटेज देखी तो उन्हें कार्तिक गांव की एक शादी में उड़ाये गये नोट उठाते हुए दिखाई दिया। पुलिस के मुताबिक, अक्सर वह शादी में उड़ाये गये नोट उठाता था।
19 फरवरी की रात को एक दूसरी शादी में वह नहीं दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस ने गांव में लगे सभी कैमरे की इसी दिन की फुटेज खंगाली। एसएसपी के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में उन्हें भगवानपुर की फैक्ट्री में काम करने वाला अजय शर्मा निवासी ग्राम अथाई थाना भोपा जिला मुजफ्फरनगर, उप्र हाल निवासी खुब्बनपुर उन्हें फैक्ट्री में जाता दिखा।
दोपहर के समय वह फिर से वापस आता दिखा। अजय शर्मा फुटेज में कई बार गांव के आसपास दिखाई दिया। शक होने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ में वह टूट गया। आरोपित ने बताया कि एक महिला से उसके प्रेम संबंध थे।
18 फरवरी को कार्तिक ने गांव के प्राइमरी स्कूल के पास गन्ने के खेत में उसे महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा था। कार्तिक उसकी करतूत गांव वालों के सामने खोलने की धमकी देकर वहां से भाग गया था।
करतूत उजागर होने के डर से वह अगले दिन कार्तिक को रुपये देने का लालच देकर अपने साथ ले गया और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया आरोपित से गहनता से पूछताछ की जा रही है। एसएसपी ने जांच अधिकारी थानाध्यक्ष सूर्यभूषण नेगी की पीठ थपथपाते हुए टीम को पांच हजार का इनाम देने की घोषणा की।
हत्या की घटना का पटाक्षेप करने में पुलिस को ऐड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ा था। पुलिस ने गांव में लगे करीब 80 सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली थी। जिसके बाद आरोपित फैक्ट्रीकर्मी चिह्नित हुआ था।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपित जब किशोर को रुपये देने का लालच देकर खेत की तरफ ले जा रहा था। उस समय आरोपित के मंसूबे भांप कर किशोर वहां से भाग निकला था। लेकिन, आरोपित ने उसे पीछाकर पकड़ लिया और उसकी हत्या कर दी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›